
हरिद्वार(आरएनएस)। कनखल क्षेत्र स्थित बुढ्ढी माता मंदिर के बाहर हुए खूनी विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जानलेवा हमले के आरोप लगाते हुए मुकदमे दर्ज कराए हैं। एक पक्ष ने मंदिर से बाहर निकलते ही युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने कुछ घंटों बाद रास्ता रोककर कारों से आए लोगों द्वारा धारदार हथियार, पत्थरों और नुकीली टाइलों से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों पक्षों की शिकायत आने पर क्रॉस मुकदमे दर्ज किए हैं। कनखल निवासी कुमार शानू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 11 जुलाई की सुबह बुढ्ढी माता मंदिर में पूजा करने गया था। आरोप है कि मंदिर से बाहर निकलते ही मार्बल की दुकान के सामने पहले से घात लगाए बैठे दीपक कनसेरी निवासी जगजीतपुर ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार आरोपी ने उसके पेट, हाथ और गर्दन पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। आरोप है कि इसके बाद उसके साथ मारपीट भी की गई और जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गया। घायल को पहले जिला अस्पताल और बाद में हायर सेंटर रेफर किया गया। पीड़ित का दावा है कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।दूसरी ओर, फुटबॉल ग्राउंड, जगजीतपुर निवासी हंसी कनसेरी ने अपने पुत्र दीपक कनसेरी पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि दीपक अपनी स्कूटी से सतीकुंड से एसएम पुलिया स्थित जिम जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में सेंट्रो और वैगन-आर कार से आए तीन-चार लोगों ने उसकी स्कूटी रोक ली और धारदार हथियार, पत्थरों तथा नुकीली टाइलों से उसके सिर पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल होने पर वह सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़ा। राहगीर सौरभ शुक्ला ने उसे अस्पताल पहुंचाया। तहरीर के आधार पर शानू निवासी जगवती कॉलोनी, जगजीतपुर को नामजद करते हुए उसके साथियों पर जानलेवा हमला, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
