

अल्मोड़ा। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर अल्मोड़ा में अनुसूचित जाति के अंडर-21 बालक-बालिकाओं की एथलेटिक्स एवं फुटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। खेल निदेशालय उत्तराखंड और जिला प्रशासन के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय की ओर से विशेष घटक योजना के तहत आयोजित ये प्रतियोगिताएं 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम अल्मोड़ा और तलाड़ खेल मैदान में आयोजित हो रही हैं। इनमें करीब 120 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। एथलेटिक्स प्रतियोगिता के बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में दीपक आर्या, 200 मीटर में आयुष आर्या, 400 मीटर में गौरव प्रकाश, 800 मीटर में प्रेम राम और 1500 मीटर में पवन कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में मानसी टम्टा, 200 मीटर में रिया आर्या और 400 मीटर में हिमानी ने पहला स्थान हासिल किया। फुटबॉल प्रतियोगिता में कुल पांच टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला ग्राम तलाड़ और एआईसी अल्मोड़ा की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें तलाड़ की टीम ने जीत दर्ज की। आयोजन में मुख्य शिक्षा अधिकारी आरके कोहली, जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, उपनिरीक्षक राहुल राठी, ग्राम प्रधान मनोज कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य भूपेन्द्र आर्या और हरीश कनवाल सहित प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों ने सहभागिता की।




