


रुद्रपुर(आरएनएस)। बाइक से घर लौट रहे तीन युवकों पर कुछ लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि हमलावर उन्हें मरा समझकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर पर तीन नामजद समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। ट्रांजिट कैंप के जी ब्लॉक निवासी विशाल शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 सितंबर की रात करीब साढ़े दस बजे वह अपने साथी अनमोल विश्वास और सूरज कुमार के साथ बाजार से बाइक से घर लौट रहे थे।गोल मड़ैया के पास ट्रांजिट कैंप निवासी प्रवेश गंगवार, प्रमोद, वेद प्रकाश और उनके तीन-चार साथियों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों के पास तमंचे और तलवारें थीं। गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया। हमले में विशाल के सिर पर 20, अनमोल के सिर पर 16 और सूरज के हाथ पर चार टांके आए हैं। आसपास के लोगों ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। ट्रांजिट कैंप कोतवाल धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि तीन नामजद समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

