
रुड़की(आरएनएस)। पुलिस और उत्तराखंड गोवंश संरक्षण टीम ने प्रतिबंधित पशु कटान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंगलौर क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से कुल 630 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस, पांच जीवित गोवंशीय पशु और कटान में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए गए। दोनों मामलों में मुकदमे दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों का चालान कर दिया। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि टांडा भन्हेड़ा गांव के पास एक खेत में कुछ लोग प्रतिबंधित पशु का कटान कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस और गोवंश संरक्षण टीम ने मौके पर दबिश दी। टीम ने घेराबंदी कर अलीशान निवासी मोहल्ला किला और सोहिल निवासी मोहल्ला पठानपुरा, मंगलौर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान मौके से करीब 370 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस और कटान के उपकरण बरामद हुए। पुलिस के अनुसार मौके से अल्तमश, मोनिस, कल्लू, आसिफ और समीर निवासी टांडा भन्हेड़ा तथा उस्मान उर्फ मुन्ना निवासी मोहल्ला किला, मंगलौर फरार हो गए। वहीं, मुंडलाना रोड स्थित पानी की टंकी के पास एक खेत में भी प्रतिबंधित पशु कटान की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की।मौके से गुलजार निवासी मोहल्ला मिर्दगान, सरजूल निवासी मोहल्ला टोली और शेर अली निवासी मोहल्ला इस्लामनगर, मंगलौर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने खेत से करीब 260 किलोग्राम प्रतिबंधित मांस, पांच जीवित गोवंशीय पशु और कटान के उपकरण बरामद किए। पुलिस के मुताबिक नावेद निवासी भगवानपुर चंदनपुर, आशु उर्फ आस मोहम्मद निवासी मोहल्ला मलानपुरा और अज्जू उर्फ रईस खान निवासी मोहल्ला मिर्दगान फरार हैं। सीओ अभिनय चौधरी ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।


