
देहरादून(आरएनएस)। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहे थे। एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि बीते 19 मई की रात अजबपुर खुर्द में सुशील मौर्य पर बेसबॉल के डंडों से जानलेवा हमला किया गया था। आरोपी उन्हें मरा हुआ समझकर फरार हो गए थे। पीड़ित की बेटी की तहरीर पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया था। वारदात के मुख्य आरोपी हिमांशु डंगवाल उर्फ मिंटू (20 हजार का इनामी) को पुलिस 31 मई को ही जेल भेज चुकी है।पूछताछ में उसके दो अन्य साथियों विक्रम सिंह राणा और पवनजीत मीना के नाम सामने आए थे। कोर्ट से दोनों के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी हो चुके थे। एसएसपी ने इन दोनों की गिरफ्तारी पर दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। गुरुवार को विक्रम सिंह राणा उर्फ विक्की निवासी एकता विहार, अजबपुर खुर्द को नोएडा से दबोचा गया। वहीं दूसरे आरोपी पवनजीत मीना मूल निवासी भरतपुर, राजस्थान को प्रेमनगर के सुद्धोवाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आरोपी विक्रम राणा का पुराना आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ दिल्ली क्राइम ब्रांच में भी चोरी व आईटी एक्ट का मुकदमा दर्ज है।

