
अल्मोड़ा। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तराखंड ने स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद अपने आंदोलनात्मक कार्यक्रम को 15 दिनों के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में मांगों पर ठोस प्रगति नहीं होने की स्थिति में कोर कमेटी की बैठक बुलाकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। एसोसिएशन के आह्वान पर प्रदेशभर में फार्मासिस्ट अपनी विभिन्न मांगों को लेकर काला फीता बांधकर विरोध दर्ज करा रहे थे। गुरुवार को आयोजित चतुष्पक्षीय बैठक में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के साथ वित्त सचिव, स्वास्थ्य सचिव, अपर स्वास्थ्य सचिव, स्वास्थ्य महानिदेशक तथा संगठन की कोर कमेटी के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में संगठन की पांच प्रमुख मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री की ओर से मांगों के समाधान के संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिए जाने के बाद कोर कमेटी ने सर्वसम्मति से आंदोलन को फिलहाल 15 दिनों के लिए स्थगित करने का फैसला लिया। संगठन का कहना है कि यदि इस अवधि में अपेक्षित परिणाम नहीं मिले तो आंदोलन को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा। अल्मोड़ा जिला इकाई के अध्यक्ष डी.के. जोशी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जे.पी.एस. मनराल, उपाध्यक्ष गोपाल सिंह, मंत्री रजनीश जोशी, संगठन मंत्री जगदीश चंद्र, संयुक्त मंत्री प्रेम प्रकाश, कोषाध्यक्ष कैलाश पपनै तथा संप्रेक्षक माया पाण्डेय ने संगठन की मांगों पर सरकार और शासन की सकारात्मक पहल का स्वागत करते हुए स्वास्थ्य मंत्री सहित संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।


