


अल्मोड़ा। जनपद के प्रभारी सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे ने रविवार को क्वारब जोन में चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए शेष कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रभारी सचिव को बताया कि क्वारब जोन में घाटी की ओर के सुरक्षात्मक कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि पहाड़ी की ओर के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। डॉ. पांडे ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर उनकी वर्तमान स्थिति, सुरक्षा मानकों और कार्य पूरा करने की समयसीमा की जानकारी ली।
प्रभारी सचिव ने कहा कि क्वारब क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और यातायात सुचारू बनाए रखना महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य इस तरह किए जाएं कि आमजन और यात्रियों को न्यूनतम असुविधा हो और मार्ग पर सुरक्षित यातायात बना रहे।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग खंड रानीखेत और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ शेष सुरक्षात्मक कार्य प्राथमिकता से पूरे करने तथा प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान दोनों विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



