


अल्मोड़ा। डायल 112 पर आत्महत्या की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करना लमगड़ा क्षेत्र के एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। पुलिस ने जांच में सूचना भ्रामक पाए जाने पर ठाट जलना निवासी बच्चे सिंह के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत 5 हजार रुपये के चालान की कार्रवाई की। साथ ही उसकी काउंसिलिंग भी की गई।
पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के बच्चे सिंह ने डायल 112 पर फोन कर सूचना दी कि उसके पड़ोस में एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली है और तत्काल पुलिस सहायता की जरूरत है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक के नेतृत्व में चौकी प्रभारी जैंती और रात्रि अधिकारी व गश्ती पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मामले की जांच की तो सूचना झूठी और भ्रामक पाई गई। इसके बाद पुलिस ने कॉलर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसकी काउंसिलिंग भी की।
अल्मोड़ा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवाओं का इस्तेमाल केवल वास्तविक आपात परिस्थितियों में करें। झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



