
हरिद्वार(आरएनएस)। कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में हरिद्वार पहुंचे शिवभक्तों की भारी भीड़ के चलते शहर में बड़ी मात्रा में कूड़ा जमा हो गया। यात्रा के अंतिम दो दिनों में वाहनों का दबाव इतना अधिक रहा कि नगर निगम के छोटे-बड़े वाहन कांवड़ मेला क्षेत्र में कूड़ा उठाने के लिए प्रवेश नहीं कर सके। सोमवार देर रात कांवड़ियों की भीड़ कम होने के बाद नगर निगम की टीम ने घाटों और अन्य क्षेत्रों में सफाई अभियान शुरू किया। नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कांवड़ मेला क्षेत्र से दो दिन का जमा करीब 15 मीट्रिक टन कूड़ा नगर निगम की टीम ने उठाया।
30 जुलाई से शुरू हुई कांवड़ यात्रा में देश के अलग-अलग राज्यों से करोड़ों शिवभक्त हरिद्वार पहुंचे। श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों पर स्नान कर गंगाजल भरा और अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। यात्रा के शुरुआती चरण से ही नगर निगम की टीमें गंगा घाटों, कांवड़ पटरी और मेला क्षेत्र से नियमित रूप से कूड़ा उठाती रहीं। हालांकि अंतिम दो दिनों में अत्यधिक भीड़ के कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई।नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि सोमवार देर रात से सफाई अभियान में तेजी लाई गई। हरकी पैड़ी से लेकर पुल जटवाड़ा तक सभी गंगा घाटों और कांवड़ पटरी से दो दिनों में करीब 1500 मीट्रिक टन कूड़ा उठाया गया। निगम की टीमें लगातार सफाई में जुटी हैं। उन्होंने बताया कि 30 जुलाई से आठ अगस्त तक करीब 5500 मीट्रिक टन कूड़ा नगर निगम की टीम द्वारा उठाया गया था। कांवड़ यात्रा के बाद अब मेला क्षेत्र को पूरी तरह साफ करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
