
रुड़की(आरएनएस)। रुड़की के युवा मंच हील यूथ ग्रुप की ओर से रविवार को ज्योतिबा फुले सैनी धर्मशाला में युवा मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 50 से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में युवाओं को शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दो प्रमुख भाग रहे, जिनमें युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला और विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे लोगों से संवाद कराया गया। राजकीय महाविद्यालय मंगलौर के प्रोफेसर राम भरोसे ने युवाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उच्च शिक्षा से मिलने वाले अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को अपने भविष्य का आधार बनाने और आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।कौशल विकास एवं रोजगार से जुड़े संस्थान से आए अतुल राजपूत ने युवाओं को रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को कौशल विकास के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि अलग-अलग विषयों में प्रशिक्षण लेकर युवा रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कौशल विकास से जुड़े विभिन्न संस्थानों की जानकारी भी दी। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया गया।युवाओं ने कविता, शायरी, कहानी सुनाने और नृत्य सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। हील यूथ ग्रुप के सदस्यों ने मोबाइल की लत विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर युवाओं को मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का मंच संचालन दीक्षा और शमा मलिक ने किया। नाजिया और पुनीत ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का अभिवादन किया। कार्यक्रम में निधि, अक्षय, निकुल, सिद्धार्थ, शिवांकर, गोपिन, अनुराग, रीना, अर्चना, वीरेंद्र, नईम, दीपक सहित हील यूथ ग्रुप के अन्य सदस्यों ने भी सहयोग किया।

