

देहरादून(आरएनएस)। यूट्यूबर अनुराग डोभाल की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अपहरण कर मारपीट के मामले में गिरफ्तारी के बाद अब रायपुर थाने में उनके खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी देने और निजी सामान ले जाने के आरोप में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने अनुराग डोभाल, छोटा पंडित उर्फ खुखरी, टाइगर समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत के आधार पर कार्रवाई की है।
बालावाला स्थित विवेक विहार निवासी आयुष थपलियाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह इंटरनेट मीडिया के क्षेत्र में अपना करियर बनाने का प्रयास कर रहे हैं। आरोप है कि तीन अक्टूबर की रात अनुराग डोभाल अपने पांच-छह साथियों के साथ गाली-गलौज करते हुए जबरन उनके घर में घुस आए। इसके बाद आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन छीन लिया।
शिकायत के अनुसार, घटना के दौरान आयुष के परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो आरोपितों ने उन्हें दूसरे कमरे में भेज दिया। आरोप है कि इसके बाद आयुष के मोबाइल फोन में मौजूद निजी डाटा दूसरे फोन में ट्रांसफर किया गया। साथ ही, आरोपितों के कहने के अनुसार वीडियो रिकॉर्ड कर उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी गई। आयुष थपलियाल ने आरोप लगाया कि इस दौरान अनुराग डोभाल ने धमकी देते हुए कहा, “यह तो ट्रेलर है, पूरी पिक्चर तो हम बाद में बनाएंगे।” शिकायतकर्ता के मुताबिक, घटना के बारे में पुलिस को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले में शिकायत मिलने के बाद रायपुर थाना पुलिस ने अनुराग डोभाल, छोटा पंडित उर्फ खुखरी, टाइगर और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच और पुलिस की आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।



