

रुड़की(आरएनएस)। त्योहारी सीजन में बाजार को अतिक्रमण मुक्त रखने और प्रतिबंधित पॉलीथिन के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए नगर पंचायत ने बुधवार को विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, प्रतिबंधित पॉलीथिन का इस्तेमाल करने वाले 12 दुकानदारों के चालान काटे गए। अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन रावत के नेतृत्व में टीम ने बस अड्डा, अमर जवान चौक, मुख्य बाजार और शिव चौक पर अभियान चलाया। अधिकारियों ने दुकानदारों को सड़क पर सामान नहीं रखने की हिदायत दी। ईओ ने बताया कि अतिक्रमण के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है।प्रतिबंधित पॉलीथिन का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि दोबारा उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं,कुछ दुकानदारों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत की टीम के पहुंचने से पहले कुछ दुकानदारों को कार्रवाई की सूचना मिल जाती है, जिससे वे अपना सामान हटा लेते हैं। इस पर अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन रावत ने कहा कि यदि कोई कर्मचारी दुकानदारों को पहले से सूचना देता पाया गया तो उसकी पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभियान में ओमपाल सिंह, जुल्फान अहमद, तरुण कुमार, राजेंद्र सिंह सहित नगर पंचायत के कर्मचारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।




