
नैनीताल(आरएनएस)। यातायात के लिहाज से सबसे व्यस्त रहने वाले कुमाऊं के नैनीताल-हल्द्वानी (वाया ज्योलीकोट) हाईवे पर रविवार सुबह अचानक भारी मात्रा में मलबा आ गिरा। जिसके चलते यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सुबह स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी फजीहत उठानी पड़ी। हल्द्वानी और पहाड़ से दोगांव के पास पहुंचे वाहनों को लौटकर भीमताल मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ा। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हाईवे से हटाकर जैसे-तैसे यातायात सुचारू कराया जा सका।शनिवार रात नैनीताल समेत जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश हुई थी। जिसके बाद रविवार को सुबह नैनीताल-हल्द्वानी (वाया ज्योलीकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोगांव के पास पहाड़ी अचानक टूटकर सड़क पर गिर गई।जिससे सुबह 7 बजे से यातायात पूरी तरह ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें दोनों ओर लग गईं। इस बीच दोपहर को हल्के वाहनों के लिए कई आंतरिक मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया गया, जबकि अल्मोड़ा की तरफ से आने वाले भारी और बड़े यात्री वाहनों को भीमताल होते हुए हल्द्वानी भेजा गया। इसी तरह हल्द्वानी से वाया ज्योलीकोट होते हुए नैनीताल, भवाली और अल्मोड़ा की तरफ जाने वाले सभी वाहनों को भीमताल के रास्ते भेजा गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद लोनिवि एनएच खंड की ओर से जेसीबी भेजकर पहाड़ी से गिरे बोल्डरों और मलबे को हटाने का काम शुरू किया गया। सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग ने दो जेसीबी मशीनें लगाकर मलबा हटाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब एक बजे सड़क को खोल दिया गया। सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक करीब छह घंटे सड़क बंद रहने के दौरान हल्द्वानी से नैनीताल आने-जाने वाले वाहनों को भीमताल मार्ग से भेजा गया। छह घंटे बाद सड़क खुलते ही हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से संचालित कर दिया गया।


