

देहरादून। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 के मद्देनजर निर्वाचन विभाग ने आवश्यक सेवाओं में तैनात कार्मिकों के मतदान को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार को सचिवालय स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में संबंधित विभागों, कार्यालयों और उपक्रमों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक सेवाओं से जुड़े कार्मिकों की सूची जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभागों को मतदान दिवस पर ड्यूटी में तैनात कार्मिकों को डाक मतपत्र के माध्यम से मतदान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यालय स्तर पर वरिष्ठ अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदान में प्रत्येक कार्मिक की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करना है।
बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी के अलावा पुलिस, अग्निशमन, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति, परिवहन, पशुपालन, सूचना एवं लोकसम्पर्क, दूरदर्शन केंद्र, ऊर्जा निगम, पेयजल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



