

कोटद्वार। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबूधाबी से कोटद्वार का युवक युवराज सजवाण रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता है। भाबर के उदयरामपुर कलालघाटी निवासी युवराज की तलाश में परिजन लगातार भटक रहे हैं। शुक्रवार को दिल्ली के बाद परिजन कोटद्वार कोतवाली पहुंचे और पुलिस से युवराज की तलाश में मदद की मांग की।
सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता रोहित डंडरियाल के नेतृत्व में परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यूएई से युवराज के एग्जिट होने के बाद कोटद्वार कोतवाली में शिकायती पत्र दिया गया था। इस पर पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को आईजीआई एयरपोर्ट थाना, दिल्ली स्थानांतरित कर दिया था।
परिजनों के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने एयरपोर्ट के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें युवराज एयरपोर्ट से सामान्य रूप से बाहर निकलता दिखाई दिया। इसके बाद उसकी लोकेशन मेट्रो में मिली। जांच के बाद दिल्ली पुलिस ने जीरो एफआईआर वापस कोटद्वार पुलिस को भेज दी। कोटद्वार पुलिस ने परिजनों को बताया कि अभी एफआईआर और दिल्ली पुलिस की रिपोर्ट यहां नहीं पहुंची है।
परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया कि युवराज के नाम से सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर दो नई आईडी बनाई गई हैं। इस दौरान युवराज के पिता गोविंद सिंह, भाई दीपक और मां मौजूद रहीं। परिजनों ने आमजन से भी युवराज की तलाश में सहयोग करने की अपील की है।
युवराज पिछले पांच साल से अबूधाबी में शेफ का काम कर रहा था। वर्ष 2023 में उसकी सगाई हुई थी। वह पिछले तीन साल से घर नहीं आया था, हालांकि परिजनों से फोन पर नियमित बातचीत होती थी। 26 सितंबर के बाद से परिजनों का उससे संपर्क टूट गया। इसके बाद से ही परिजन उसकी तलाश में जुटे हैं।



