

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके बाद राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। बढ़ी हुई दर 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी।
केंद्र सरकार की ओर से सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत वेतन प्राप्त कर रहे कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि कर इसे 1 जुलाई 2026 से 63 प्रतिशत किया गया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य कर्मचारियों को भी केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता दिए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है।
इस निर्णय का लाभ राज्य सरकार के कार्मिकों के साथ स्थानीय निकायों, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, राजकीय विश्वविद्यालयों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों तथा यूजीसी वेतनमान के तहत कार्यरत पात्र कार्मिकों को भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री की स्वीकृति के अनुसार पात्र कर्मचारियों को 1 जुलाई 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक की अवधि के बढ़े हुए महंगाई भत्ते के अंतर का भुगतान एरियर के रूप में नकद किया जाएगा।



