

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने और उनकी खेल प्रतिभा निखारने के लिए फुटबॉल और बैडमिंटन में कॉन्ट्रेक्ट प्रशिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। जिला खेल कार्यालय ने वर्ष 2026-27 के लिए प्रशिक्षकों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 19 नवंबर शाम पांच बजे तक आवेदन कर सकेंगे।
चयन के लिए अभ्यर्थी का उत्तराखंड का मूल अथवा स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। डीएम के निर्देश पर जारी विज्ञप्ति के अनुसार, स्पोर्ट्स स्टेडियम काशीपुर में फुटबॉल और मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम रुद्रपुर में बैडमिंटन के लिए कॉन्ट्रेक्ट प्रशिक्षक का चयन किया जाएगा। चयनित प्रशिक्षक संबंधित स्टेडियम में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर उनकी खेल प्रतिभा को निखारने और खेल कौशल में वृद्धि करने का कार्य करेंगे।
प्रशिक्षक पद के लिए अभ्यर्थी की आयु 15 अप्रैल 2026 को 21 वर्ष से अधिक और 70 वर्ष से कम होनी चाहिए। शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह आयु सीमा निर्धारित की गई है। सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं में कार्यरत व्यक्ति चयन के लिए पात्र नहीं होंगे। अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन जिला खेल कार्यालय, ऊधम सिंह नगर में जमा करना होगा। 19 नवंबर शाम पांच बजे के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
जिला क्रीड़ाधिकारी जानकी कार्की ने बताया कि आवेदन पत्र का प्रारूप निःशुल्क उपलब्ध है। अभ्यर्थी इसे जिला खेल कार्यालय से किसी भी कार्यदिवस में प्राप्त कर सकते हैं। निर्धारित समय तक प्राप्त आवेदनों के आधार पर चयन समिति 21 नवंबर को सुबह 11 बजे से अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों और अभिलेखों का सत्यापन करेगी। इस दौरान सभी अभ्यर्थियों को अपने मूल प्रमाण पत्रों के साथ स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य होगा।



