

उत्तरकाशी। गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए जा रहे गुजरात के यात्रियों की कार गुरुवार सुबह गंगनानी के पास दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर जाते समय वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और नदी में समा गया। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक समेत कुल सात लोग सवार थे।
जानकारी के अनुसार, वाहन गुरुवार सुबह हिना के समीप से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुआ था। गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर बढ़ते समय अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। इसके बाद वाहन नदी में समा गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। नदी किनारे तलाशी के दौरान चार लोगों के शव बरामद किए गए। हादसे में घायल तीन लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें नदी किनारे तथा आसपास के क्षेत्र में तलाश और बचाव अभियान में जुटी रहीं।
हादसे में मृतकों की पहचान अशोकबेन पटेल (49), रुतिका अशोकभाई पटेल (19), घनश्यामभाई सरवालिया (32) और वाहन चालक सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। अशोकबेन और रुतिका पटेल सूरत सिटी के कटारगाम क्षेत्र स्थित शिवालिक रेजीडेंसी की निवासी थीं, जबकि घनश्यामभाई सरवालिया गुजरात के निवासी थे। वाहन चालक सुरेंद्र सिंह हरिद्वार का निवासी बताया गया है।
घायलों में वेदांत अशोकभाई पटेल (17), सुधाबेन अशोकभाई पटेल (45) और किरणबेन विशालभाई पटेल (34) शामिल हैं। वेदांत और सुधाबेन पटेल सूरत के कटारगाम क्षेत्र स्थित शिवालिक रेजीडेंसी के निवासी हैं, जबकि किरणबेन विशालभाई पटेल गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के सायला क्षेत्र की निवासी हैं। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल रहा।



