
रुद्रपुर(आरएनएस)। यातायात निरीक्षक (टीआई) की जांच रिपोर्ट के बाद एसएसपी अजय गणपति ने एक एसआई और एएसआई को निलंबित कर दिया है। दोनों पर बिना हेलमेट बाइक चला रहे युवकों को रोकने के बाद बिना चालानी कार्रवाई किए छोड़ने का आरोप था। कथित तौर पर बाइक सवारों से रुपये लेकर उन्हें छोड़ने की बात भी सामने आई थी। बुधवार को यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस के साथ अन्य पुलिसकर्मी भी तैनात थे। आरोप है कि इसी दौरान नैनीताल रोड पर एसआई राम सिंह और एएसआई बलवंत सिंह ने बिना हेलमेट बाइक सवार युवकों को रोका। दोनों ने उनसे बातचीत की और चालानी कार्रवाई करने के बजाय उन्हें जाने दिया। आरोप है कि बातचीत के बाद बाइक सवार युवकों ने पुलिस के बुलेट वाहन की डिग्गी में कुछ रुपये रख दिए। इसके बाद एसआई वहां पहुंचे और बिना कोई कार्रवाई किए बुलेट लेकर चले गए। मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचने पर यातायात निरीक्षक से जांच रिपोर्ट मांगी गई। टीआई की प्रारंभिक जांच में एसआई राम सिंह और एएसआई बलवंत सिंह पर लगाए गए आरोप सही पाए गए। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

