
विकासनगर। हरबर्टपुर- विकासनगर हाईवे पर पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार कंटेनर ने सामने से आ रही बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को सीएचसी सहसपुर से दून अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। कंटेनर चालक कंटेनर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। रविवार देर रात करीब दस बजे सेलाकुई से देहरादून की ओर एक कंटेनर जा रहा था। तभी निगम रोड की ओर से सहसपुर की ओर बाइक सवार जा रहा था। इस दौरान पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में बाइक सवार ताजवर सिंह पुत्र गंगासिंह निवासी निगम रोड सेलाकुई आ गया। कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार बाइक सहित काफी दूर जा गिरा। जिसमें बाइक सवार के दोनों पैर बुरी तरह से कुचल गये। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी सहसपुर पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने घायल को दून अस्पताल के लिए रेफर किया गया। उधर, कंटेनर चालक मौके पर कंटेनर को छोड़कर भाग निकला। एसएसआई आलोक कुमार गौड ने बताया कि कंटेनर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। घायल के परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा।

