
अल्मोड़ा। पेटशाल स्थित स्वामी विवेकानंद चेरिटेबल चिकित्सालय का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों ने चिकित्सालय की सेवाओं की सराहना करते हुए सहयोग का आश्वासन दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और वृक्षारोपण के साथ समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने चिकित्सालय की सेवाओं, यहां कार्यरत चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने चिकित्सालय को 30 कुर्सियां उपलब्ध कराने की घोषणा की। विशिष्ट अतिथि एवं पर्यावरणविद तथा अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की उपाध्यक्ष वसुधा पंत ने मरीजों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था हेतु एक एक्वागार्ड देने की घोषणा की। समारोह में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। डॉ. शिवम मिश्रा ने चिकित्सालय की वार्षिक आख्या प्रस्तुत की। कार्यक्रम के समापन पर ‘मां के नाम एक पेड़’ अभियान के तहत अतिथियों ने पौधरोपण किया। इसके बाद डॉ. जे.सी. दुर्गापाल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके हाथों एक जरूरतमंद व्यक्ति को कंबल वितरित कराया। कार्यक्रम का संचालन खिला नंद भट्ट ने किया। इस अवसर पर डॉ. ऊषा उप्रेती, डॉ. प्रतिभा पाठक, प्रधानाचार्य प्रमोद पंत, भूषण पांडे, नरेंद्र सिंह शिराड़ी, समाजसेवी जमन सिंह देवड़ी, भुवन पांडे, जिला प्रचारक वीरेंद्र सहित चिकित्सालय से जुड़े अनेक लोग उपस्थित रहे।
