
रुद्रपुर(आरएनएस)। शेयर मार्केट में रकम दोगुनी कर मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 4.20 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। खटीमा रोड निवासी मनोज कुमार अग्रवाल पुत्र अशोक कुमार अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि फरवरी माह में विनीत साहनी और मनीष खंडेलवाल ने फोन कर खुद को शेयर मार्केट का एक्सपर्ट बताया। आरोपियों ने कहा कि वे लोगों के पैसे शेयर मार्केट में लगाकर दोगुना मुनाफा दिलाते हैं। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों के झांसे में आकर उन्होंने 26 फरवरी को एक लाख रुपये, 12 मार्च को दो लाख रुपये और 17 मार्च को 1.20 लाख रुपये ट्रांसफर किए। बाद में आरोपियों ने मुनाफे के साथ रकम लौटाने के बजाय 10 लाख रुपये और निवेश करने का दबाव बनाया। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी फोन नहीं उठा रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

