

अल्मोड़ा। विक्टोरिया प्रीमियर लीग के फाइनल में यश सन साइन ने रॉयल क्रिकेट क्लब को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। गुरुवार को हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में यश सन साइन ने 232 रन का लक्ष्य महज 16.1 ओवर में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। सागर रावत ने 163 रन की शानदार पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई, जबकि जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने 43 गेंदों में 55 रन बनाए। इससे पहले टॉस जीतकर यश सन साइन ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल क्रिकेट क्लब की टीम ने भरत के 75 रनों की बदौलत निर्धारित ओवरों में 231 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यश सन साइन की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए आसानी से जीत दर्ज की। फाइनल मुकाबले का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक मनोज तिवारी, विशिष्ट अतिथि मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलख्वाल और भाजपा जिला मंत्री सुनील बिष्ट ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में संदीप नाथ गोस्वामी को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, सागर रावत को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और नैतिक को सर्वश्रेष्ठ फील्डर चुना गया। विशिष्ट रावत को सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर का खिताब मिला। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, सीडीओ रामजी शरण शर्मा, जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, आयोजक मनोज सिंह पवार, अरविंद जोशी, रोहित भट्ट, वंदना वर्मा, सुनील बिष्ट, रश्मि पांडे, गौरव कुमार, मदन रावत, अंकित पांडे, चंदन लटवाल, पंकज बिष्ट, कैलाश मेहरा, गगन पंत, विकास फर्त्याल, अभय, निशा सामंत, ममता और गोपाल बिष्ट सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे।



