
हल्द्वानी। सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने ऊधमसिंह नगर जिले की तहसील सितारगंज में कार्रवाई करते हुए संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों पर भूमि संबंधी प्रकरण में कार्रवाई समाप्त कराने के नाम पर शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगने का आरोप है।
सतर्कता अधिष्ठान को मिली शिकायत के अनुसार तहसील सितारगंज में तैनात संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा और वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा शिकायतकर्ता से भूमि पर कुर्की आदेश समाप्त करने, जमीन को बंधनमुक्त कराने तथा शिकायतकर्ता की पत्नी के केसीसी लोन पर जारी आरसी खत्म कराने के एवज में रिश्वत मांग रहे थे। शिकायत में संग्रह अमीन पर 10 हजार रुपये और वरिष्ठ सहायक पर 6 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया गया था।
शिकायत के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। मंगलवार को टीम ने तहसील सितारगंज कार्यालय में छापा मारकर संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा को 8 हजार रुपये तथा वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आम जनता से भ्रष्टाचार की शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दर्ज कराने की अपील की है।
