
अल्मोड़ा। नगर क्षेत्र में एक टैक्सी चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान ग्राम चौमू निवासी राम सिंह पंवार पुत्र गोपाल सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार राम सिंह पंवार एनटीडी क्षेत्र स्थित एपीएस अपार्टमेंट के पास किराये के मकान में रहता था। सोमवार को वह अपनी टैक्सी कार (यूके 01 टीए 3071) में अचेत अवस्था में पड़ा मिला। बताया गया कि कार के भीतर उल्टी के निशान भी मिले।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल उपचार के लिए बेस चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में अत्यधिक शराब के सेवन से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
एनटीडी चौकी प्रभारी दिनेश परिहार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

