
अल्मोड़ा। हल्द्वानी में कांग्रेस की सभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को चौघानपाटा में ‘सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना-प्रदर्शन’ आयोजित किया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर इस मामले को राजनीतिक रंग देकर प्रदेश में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने का आरोप लगाया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश का माहौल खराब करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रही है, जिसे भाजपा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। मुख्य वक्त पूर्व दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्या ने कहा कि हल्द्वानी की घटना को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी द्वारा दलित सम्मान एवं अस्पृश्यता का मुद्दा उठाना राजनीतिक अवसरवाद है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने इतिहास और अपने नेताओं के साथ किए गए व्यवहार पर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस छोड़ने के बाद नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के साथ हुए व्यवहार से पार्टी की मानसिकता उजागर होती है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री एवं सांसद अजय टम्टा ने कहा कि कांग्रेस को दलित सम्मान की राजनीति करने से पहले अपने शासनकाल के रिकॉर्ड पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक दलित समाज का उपयोग केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष त्रिलोक राम ने कहा कि दलित सम्मान किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल के दौरान हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी को पहले अपने कार्यकाल की जवाबदेही तय करनी चाहिए। भाजपा कुमाऊं संयोजक वीरेंद्र आर्या ने कहा कि किसी भी नागरिक के साथ भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता और प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। धरने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जाति और धर्म के आधार पर समाज को विभाजित करने वाली राजनीति का विरोध करते हुए सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री दर्शन रावत और प्रकाश भट्ट ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल, कुंदन लटवाल, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, कैलाश शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला, बिट्टू कर्नाटक, ब्लॉक प्रमुख नीमा आर्या, त्रिलोक रावत, ललित लटवाल, सुरेश परदेसी, प्रमोद पवार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

