
काशीपुर(आरएनएस)। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले सोमवार को सफाई कर्मियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए वादाखिलाफी का आरोप लगाया। कर्मचारियों ने अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन के माध्यम से भेजा। संघ ने चेतावनी दी कि यदि वर्षों से लंबित मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। संघ के शाखा अध्यक्ष सुरेश कुमार लाला के नेतृत्व में सफाई कर्मचारी नगर पालिका परिसर में एकत्र हुए। इसके बाद उन्होंने नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में सफाई व्यवस्था में लागू ठेका प्रथा को पूरी तरह समाप्त करने, वर्षों से ठेके पर कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने, नई पेंशन योजना समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने तथा मृत सफाई कर्मियों के पदों को पुनर्जीवित कर उनके आश्रितों को नियुक्ति देने सहित आठ प्रमुख मांगें उठाई गईं। शाखा अध्यक्ष सुरेश कुमार लाला ने कहा कि वर्ष 2021 में सरकार और सफाई कर्मचारी संघ के बीच हुए समझौते की मांगों को अब तक लागू नहीं किया गया है। सरकार लगातार कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारी प्रदेशव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन में उपाध्यक्ष सुरेश कुमार मिल्ले, महामंत्री मुकेश कुमार, संगठन मंत्री उमेश कुमार, मंत्री विनोद कुमार, कोषाध्यक्ष बंटी कुमार, प्रचार मंत्री राजेश कुमार रहे।
