


अल्मोड़ा(आरएनएस)। आपदा के दौरान त्वरित और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य के लिए पीआरडी और होमगार्ड जवानों को खोज एवं बचाव तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। भैसवाड़ा फार्म में राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय खोज एवं बचाव प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन एसडीआरएफ सरियापानी टीम ने जवानों को विभिन्न रेस्क्यू तकनीकों की जानकारी दी। प्रशिक्षण का उद्देश्य पीआरडी और होमगार्ड जवानों को आपदा के दौरान प्रारंभिक स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य करने में दक्ष बनाना रहा। साथ ही एसडीआरएफ के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी दी गई, ताकि तहसील क्षेत्रों में किसी आपदा की स्थिति में जवान तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू कर सकें। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को प्राथमिक चिकित्सा के साथ रोप रेस्क्यू तकनीक, रिवर क्रॉसिंग तथा सी-पुली और जेड-पुली सिस्टम के बारे में जानकारी दी गई। इन तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। एसडीआरएफ टीम सरियापानी ने जवानों को आपदा की परिस्थितियों में सुरक्षित और प्रभावी तरीके से रेस्क्यू ऑपरेशन संचालित करने के तौर-तरीके बताए।

