
अल्मोड़ा। दन्या थाना क्षेत्र में रविवार को ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत पुलिस ने सत्यापन अभियान चलाकर बिना पुलिस सत्यापन किरायेदार रखने वाले दो मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की। दोनों पर 10-10 हजार रुपये का चालान करते हुए कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन और पुलिस उपाधीक्षक अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान थाना क्षेत्र में व्यापक सत्यापन करते हुए करीब 45 बाहरी लोगों की जांच की गई। इस दौरान दो मकान मालिक बिना पुलिस सत्यापन किरायेदार रखते पाए गए, जिनके खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना सत्यापन किरायेदार रखना दंडनीय है। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं।

