

रुड़की(आरएनएस)। खानपुर वन रेंज क्षेत्र के तेलपुरा गांव के पास शनिवार को दिनदहाड़े हाथियों के झुंड ने खेतों में जमकर उत्पात मचाया। गन्ने के खेतों में काम कर रहे किसानों के सामने अचानक हाथियों का झुंड पहुंच गया। हाथियों को अपनी ओर आता देख किसानों में भगदड़ मच गई। किसानों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान हाथियों ने खेतों में खड़ी कई बाइकें क्षतिग्रस्त कर दी जबकि गन्ना भरने के लिए खड़ी बुग्गी भी पलट दी। हाथियों के अचानक खेतों में पहुंचने से करीब दो घंटे तक ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा।
रात के बजाय दिन में आ रहे हाथी
ग्रामीणों का कहना है कि तेलपुरा और आसपास के गांवों में पिछले कई महीनों से हाथियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। हाथियों के झुंड खेतों में घुसकर गन्ने की तैयार फसल को रौंदकर बर्बाद कर देते हैं। अब तक हाथियों की आवाजाही ज्यादातर रात के समय होती थी, लेकिन दिनदहाड़े खेतों में पहुंचने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
हाथियों को खदेड़ने के बाद पहुंचे वन कर्मी
ग्रामीणों ने वन विभाग पर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि हाथियों के गांव के आसपास उत्पात मचाने और करीब दो घंटे तक अफरातफरी रहने के बावजूद वन विभाग की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंची। जब तक टीम पहुंची, ग्रामीण खुद ही हाथियों को नदी की ओर खदेड़ चुके थे। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित निगरानी बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर गश्त कराने और फसलों के साथ ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।



