
अल्मोड़ा। जनपद में संचालित निजी नर्सिंग कॉलेजों में सामने आ रही अनियमितताओं और छात्र-छात्राओं के उत्पीड़न के मामलों को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के नाम पर अव्यवस्था, मनमानी शुल्क वसूली और छात्रों का मानसिक व आर्थिक शोषण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कई निजी नर्सिंग संस्थानों में निर्धारित मानकों का पालन नहीं हो रहा है और छात्रों को आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रहीं। प्रायोगिक प्रशिक्षण, छात्रावास व्यवस्था और शिक्षकों की उपलब्धता जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं प्रभावित हैं, जिससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि छात्रों से अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है और विरोध करने पर उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समाचार संकलन के लिए पहुंच रहे पत्रकारों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया जा रहा है, जो चिंताजनक है। उन्होंने राज्य सरकार और संबंधित विभागों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि लापरवाही के चलते ऐसे संस्थान मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से सभी निजी नर्सिंग कॉलेजों की जांच कराकर दोषी संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही पीड़ित छात्रों को सहायता देने के लिए विशेष हेल्पलाइन और निगरानी तंत्र स्थापित करने की मांग भी की गई। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अनियमितता की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।

