
काशीपुर(आरएनएस)। ऑनलाइन टास्क पूरा कर मुनाफा कमाने और एक कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती से 28.50 लाख रुपये की साइबर ठगी हो गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कुंडेश्वरी निवासी साक्षी छाबड़ा पुत्री कमलजीत छाबड़ा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जून 2026 में उनके टेलीग्राम अकाउंट पर एक लिंक आया था। इसमें उन्हें एक कंपनी से जुड़ने और विभिन्न टास्क पूरे करने पर मुनाफा देने का झांसा दिया गया। शुरुआत में उन्होंने छह हजार रुपये का टास्क पूरा किया। इसके बाद उन्हें मुनाफे समेत रकम वापस कर दी गई। इससे उनका विश्वास बढ़ गया और वह लगातार दिए जा रहे टास्क पूरे करने लगीं। बाद में टास्क की रकम बढ़कर 50 हजार रुपये हो गई। निर्धारित टास्क पूरा नहीं होने पर उनकी रकम रोक दी गई। इसके बाद रकम वापस दिलाने और मुनाफा देने के नाम पर उनसे अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी में लगातार धनराशि जमा कराई गई। आरोप है कि इस तरह उनसे करीब 28.50 लाख रुपये हड़प लिए गए। अब आरोपी रकम वापस करने के लिए 3.20 लाख रुपये और जमा करने का दबाव बना रहे हैं। एसएसआई नवीन बुधानी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

