
रुड़की। पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने दावा किया कि भाजपा पहली बार हरिद्वार में मजबूत बोर्ड बनाने जा रही है। लोगों के मन में भाजपा को लेकर उत्साह है। रामनगर चौक स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ. निशंक ने कहा कि चुनाव लड़े कई नेता समेत तमाम लोग भाजपा में शामिल हुए हैं। लोगों ने केंद्र और राज्य सरकार के कामों पर मोहर लगाई है। लोगों का विश्वास है कि केवल भाजपा ही सरकार चला सकती है और भाजपा के नेतृत्व में प्रदेश व देश लगातार आगे बढ़ रहा है। भाजपा की सरकार में पंचायत विभाग में बड़े कार्य हुए हैं। गांवों तक मोदी सरकार ने बहुत बजट दिया और योजनाएं पहुंचाई। उन्होंने कहा कि अंतिम छोर तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने के लिए गांव ही बड़ा माध्यम है। हरिद्वार जिले में जिला पंचायत में भाजपा का बोर्ड बनेगा। अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में उन्होंने कहा कि इस मामले में भाजपा संगठन ने भी तेजी से कारवाई की है। इस दौरान विधायक प्रदीप बत्रा, जिला महामंत्री आदेश सैनी, मंडल अध्यक्ष प्रवीण संधू, ओमप्रकाश जमदग्नि, कुंवर नागेश्वर, दिनेशानंद भारती, बृजमोहन सैनी, संजय त्यागी, सागर गोयल, प्रशांत राणा आदि मौजूद रहे।

