


अल्मोड़ा। भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस 22 अक्टूबर से उत्तराखंड न्याय यात्रा शुरू करेगी। अल्मोड़ा के गोल्ज्यू मंदिर से शुरू होने वाली चार दिवसीय यात्रा का समापन 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में पत्रकार वार्ता के साथ होगा। यात्रा के दौरान कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पलायन, महिला अपराध, भर्ती घोटालों और बिगड़ती कानून व्यवस्था के मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। अग्निवीर योजना और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी यात्रा के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 22 अक्टूबर को यात्रा अल्मोड़ा से रानीखेत, खैरना, भवाली और भीमताल होते हुए हल्द्वानी पहुंचेगी। 23 अक्टूबर को हल्द्वानी से लालकुआं, किच्छा, सितारगंज और नानकमत्ता होते हुए खटीमा तक यात्रा निकाली जाएगी। 24 अक्टूबर को यात्रा रुद्रपुर से गदरपुर और बाजपुर होते हुए आगे बढ़ेगी। 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में पत्रकार वार्ता के साथ इसका समापन होगा। यात्रा का नेतृत्व यशपाल आर्य, हरीश रावत, करन माहरा, भुवन कापड़ी और विधायक तिलकराज बेहड़ करेंगे।



