


चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वरिष्ठ पर्यटन व्यवसायी बीडी जोशी के जीवन और उत्तराखंड के पर्यटन विकास में उनके योगदान पर आधारित पुस्तक ‘चरैवेति चरैवेति’ का विमोचन किया। चम्पावत में नवनिर्मित सर्किट हाउस के उद्घाटन और जिला बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पुस्तक का विमोचन किया गया। इसे कौसानी के पर्यटन और साहित्यिक इतिहास को संजोने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
कार्यक्रम में सांसद एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, उत्तराखंड हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीसीएस रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, जिला अध्यक्ष सामंत और बार एसोसिएशन अध्यक्ष भास्कर मुरारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, अधिवक्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। पुस्तक के केंद्र में रहे बीडी जोशी के साथ कौसानी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र मेहरा, उपाध्यक्ष विनय तिवारी और संरक्षक हरीश खर्कवाल भी उपस्थित रहे।
पुस्तक में बीडी जोशी के जीवन, अनुभवों और उत्तराखंड में पर्यटन विकास की यात्रा को संजोने का प्रयास किया गया है। इसमें पर्यटन क्षेत्र से जुड़े संघर्षों और उपलब्धियों को सामने लाने के साथ आने वाली पीढ़ियों को प्रदेश की पर्यटन विरासत से परिचित कराने की पहल की गई है।
कौसानी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र मेहरा ने कहा कि किसी पर्यटन स्थल की पहचान केवल उसकी प्राकृतिक सुंदरता से नहीं, बल्कि उससे जुड़े व्यक्तित्वों और उनके योगदान से भी बनती है। बीडी जोशी के जीवन पर आधारित यह पुस्तक कौसानी के पर्यटन इतिहास और साहित्यिक धरोहर को संरक्षित करने में मददगार होगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के अनुभवों को पुस्तकों के माध्यम से सहेजना जरूरी है, ताकि भविष्य की पीढ़ियां उनसे प्रेरणा लेकर प्रदेश की पर्यटन विरासत को आगे बढ़ा सकें।



