


रुड़की(आरएनएस)। कलियर क्षेत्र में खाली प्लॉट बेचने के नाम पर 7.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पिरान कलियर निवासी सनव्वर अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जावेद, माली अफसर और आरिफ ने उसे और उसके साथी गुलशाद को करीब पांच बिस्वा का आवासीय प्लॉट दिखाया था। आरोप है कि प्लॉट के दस्तावेज दिखाकर 5.25 लाख रुपये प्रति बिस्वा के हिसाब से सौदा तय किया गया। इसके बाद बयाने के तौर पर 7.50 लाख रुपये दिए गए। इनमें 4.50 लाख रुपये चेक से और तीन लाख रुपये नकद दिए गए।इसके बदले नोटरी रसीद तैयार की गई और एक अगस्त 2025 तक बैनामा कराने की बात तय हुई। पीड़ित के अनुसार, बाद में जांच करने पर पता चला कि प्लॉट आरिफ के नाम पर नहीं था। रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने रुपये लौटाने का भरोसा दिया, लेकिन रकम वापस नहीं की। आरोप है कि 25 जून 2026 को रुपये मांगने पर गाली-गलौज की गई और जान से मारकर नहर में फेंकने की धमकी दी गई। कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जावेद, माली अफसर और आरिफ निवासी पिरान कलियर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।



