


अल्मोड़ा। हवालबाग विकासखंड की अघार-मटेला ग्रामसभा में सड़क की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों में नाराजगी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से आवागमन मुश्किल हो गया है। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि सड़क ठीक नहीं की गई तो विधायक को गांव में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क इतनी खराब हो चुकी है कि छोटी कारों से भी आवाजाही करना कठिन हो गया है। इसका असर स्थानीय लोगों के दैनिक जीवन के साथ ही दूध बेचकर आजीविका चलाने वालों पर भी पड़ रहा है। सड़क की स्थिति का जायजा लेने के दौरान ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। उत्तराखंड क्रांति दल डेमोक्रेटिक के नरेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए लोगों को संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित विभाग, जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क का निरीक्षण कर जल्द गड्ढे भरवाने तथा स्थायी सुधार के लिए योजना बनाने की मांग की। उन्होंने काम पूरा करने की समयसीमा तय करने पर भी जोर दिया। इस दौरान प्रकाश कांडपाल, उप ग्राम प्रधान हरीश जोशी, मंगल दल अध्यक्ष हरीश भट्ट, वरिष्ठ समाजसेवी अंबादत्त भट्ट, पूर्व ग्राम प्रधान भोपाल राम और अमित आर्य सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।



