

पिथौरागढ़(आरएनएस)। सिने अभिनेता हेमंत पांडे ने अखिल भारतीय समानता मंच की मांगों का समर्थन करते हुए आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने और एससी-एसटी एक्ट में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। अभिनेता हेमंत पांडे ने कहा कि आरक्षण व्यवस्था और एससी-एसटी एक्ट से जुड़े मुद्दों को लेकर विभिन्न समुदायों के बीच संबंधों में कटुता बढ़ने की आशंका है। समाज में आपसी सौहार्द बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। रविवार को सोरगढ़ में अखिल भारतीय समानता मंच की बैठक एडवोकेट अजय बोहरा की अध्यक्षता में हुई।
एससी-एसटी एक्ट के दुरुपयोग पर चिंता जताते हुए संगठन की मांगों और भावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। यूजीसी कानून 2026 को वापस लेने, एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग पर रोक लगाने और आरक्षण व्यवस्था को आर्थिक आधार पर लागू करने की मांगों को लेकर आगामी रणनीति पर भी चर्चा की गई। इस दौरान दयानंद भट्ट, डीएस भंडारी, एडवोकेट अजय बोहरा, डॉ. नीरज चंद्र जोशी, महिपाल सिंह डोबाल, सूबेदार मेजर सेवानिवृत्त गोविंद सिंह बिष्ट, चंद्रशेखर जोशी, राजीव पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



