

चमोली(आरएनएस)। हेमकुंड साहिब और लक्ष्मण मंदिर के कपाट बंद होने के बाद घाटी में सन्नाटा पसरने लगा है। वहीं पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बर्फबारी के कारण क्षेत्र में तापमान शून्य से नीचे पहुंच रहा है। करीब 15 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित हेमकुंड साहिब क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढका हुआ है। कड़ाके की ठंड के बीच यहां का नजारा विहंगम बना हुआ है। शनिवार को हेमकुंड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद श्रद्धालु लौट गए थे। रविवार को लक्ष्मण मंदिर के कपाट भी बंद कर दिए गए। इसके बाद क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की चहल-पहल कम होने लगी है। गुरुद्वारे में तैनात सेवादार भी धीरे-धीरे लौटने लगे हैं। फिलहाल फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए खुली है। इस कारण घांघरिया में कुछ होटल संचालित हो रहे हैं। 31 अक्तूबर को फूलों की घाटी भी पर्यटकों के लिए बंद कर दी जाएगी। इसके बाद पूरे क्षेत्र में आम लोगों की आवाजाही बंद हो जाएगी। लगातार बर्फबारी और गिरते तापमान के बीच अब घाटी में सर्दियों का असर साफ दिखाई देने लगा है।




