
अल्मोड़ा। नंदाष्टमी के अवसर पर शनिवार को अल्मोड़ा के ऐतिहासिक नंदादेवी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालु मां नंदा के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। मान्यता है कि नंदाष्टमी के दिन मां नंदा की पूजा-अर्चना करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। मंदिर में श्रद्धालु उपवास रखकर मां की आराधना और दर्शन कर आशीर्वाद ले रहे हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। मंदिर के पुजारी ताराचंद जोशी ने बताया कि मान्यता के अनुसार नंदाष्टमी के दिन मां नंदा अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए धरती पर अवतरित होती हैं। इस दिन उपवास रखकर मां नंदा की आराधना करने का विशेष महत्व माना जाता है। वहीं, चंद्रवंशी परिवार की ओर से रात में मां नंदा की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है और लोग मां नंदा से सुख-समृद्धि एवं आशीर्वाद की कामना कर रहे हैं।

