
पिथौरागढ़ (आरएनएस)। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर मड़े गांव में शनिवार को कक्षा नौ में पढ़ने वाले 14 वर्षीय जतिन जोशी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनकर सदमे में आई उसकी मां पूनम जोशी उर्फ पुष्पा ने कुछ देर बाद घाट पहुंचकर सरयू नदी में छलांग लगा दी। हादसे में उनकी भी मौत हो गई।
दौड़ पूरी करने के बाद सड़क पर गिरा छात्र
जानकारी के अनुसार मड़े गांव निवासी कैलाश चंद्र जोशी का बेटा जतिन शनिवार सुबह रोज की तरह झौलखेत मैदान में दौड़ने गया था। दौड़ पूरी करने के बाद घर लौटते समय वह अचानक सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। पीछे से दौड़ रहे अन्य बच्चों ने उसे पड़ा देखा और परिजनों को सूचना दी।
पूनम आनन-फानन में बेटे को टैक्सी से जिला अस्पताल लेकर पहुंचीं, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनकर पूनम गहरे सदमे में चली गईं।
अस्पताल से सीधे घाट पहुंचीं मां
बताया जा रहा है कि अस्पताल से निकलने के बाद पूनम चेहरा कपड़े से ढककर देवसिंह स्थित पार्किंग पहुंचीं और गंगोलीहाट जाने वाली टैक्सी में बैठ गईं। करीब 30 किलोमीटर दूर घाट पहुंचने के बाद उन्होंने चालक से कुछ सामान लेने की बात कही। टैक्सी से उतरने के बाद वह अचानक सरयू नदी की ओर गईं और नदी में छलांग लगा दी।
उन्हें बचाने के लिए मौके पर मौजूद एक होटल संचालक ने भी नदी में छलांग लगाई, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई।
पहले भी बेटी को खो चुका था परिवार
परिजनों के अनुसार, करीब एक-दो वर्ष पहले परिवार ने अपनी बड़ी बेटी को भी मधुमेह के चलते खो दिया था। अब इकलौते बेटे की अचानक मौत और उसके कुछ ही समय बाद मां की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
घाट पुलिस चौकी को महिला का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने शव की फोटो परिजनों को भेजी, जिसके बाद उसकी पहचान पूनम जोशी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए पिथौरागढ़ भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
त्रिपुरा में ड्यूटी पर हैं पति
पूनम का परिवार मूल रूप से पिथौरागढ़ तहसील के गुरुंगतोली का रहने वाला बताया गया है। वर्तमान में परिवार वड्डा कस्बे के पास मड़े गांव में रह रहा था। मृतका के पति कैलाश चंद्र जोशी असम राइफल्स में तैनात हैं और वर्तमान में त्रिपुरा में ड्यूटी पर हैं। उनकी बड़ी बेटी भी बाहर बताई जा रही है।


