
अल्मोड़ा। मोहान वन क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं की रोकथाम के लिए वन विभाग ने निगरानी और गश्त तेज कर दी है। उप प्रभागीय वनाधिकारी रानीखेत के निर्देश पर डबरा सौराल, तड़म और काठ की नाव ग्राम क्षेत्रों में चार विशेष टीमें गठित कर उन्हें लगातार क्षेत्र में तैनात किया गया है। टीमें गश्त के साथ ग्रामीणों को जागरूक भी कर रही हैं।
वन विभाग के अनुसार टीमों को सुरक्षा उपकरणों से लैस किया गया है। क्षेत्र में चार एनाइडर, चार फॉक्स लाइट, राइफल और गांधी बंदूक का उपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरूकता पोस्टर भी लगाए जा रहे हैं।
वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में 15 ट्रैप कैमरे और दो ड्रोन लगाए गए हैं। वहीं वन्यजीवों को पकड़ने के लिए चार पिंजरे भी स्थापित किए गए हैं। गठित टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
अभियान में रामनगर वन प्रभाग, कालागढ़ टाइगर रिजर्व तथा अल्मोड़ा वन प्रभाग की रानीखेत, जौरासी, द्वाराहाट और अल्मोड़ा रेंज की टीमें संयुक्त रूप से कैंप कर रही हैं। वन्यजीवों के रेस्क्यू अभियान के लिए कॉर्बेट की विशेषज्ञ टीम का भी सहयोग लिया जा रहा है।
