
रुद्रपुर(आरएनएस)। नानकमत्ता के ग्रामीण अंचल के एक युवक को बुधवार रात तीनों युवकों ने रोककर उसके साथ मारपीट करते हुए चाकू की नोंक पर उससे कुकर्म किया। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि तीसरा आरोपी फरार हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार दोपहर कोतवाली पहुंचकर धरना दिया। उप नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक भुवन कापड़ी भी कोतवाली पहुंचे। पुलिस के तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी और गांव में पुलिस चौकी स्थापित करने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया। क्षेत्र के एक युवक ने नानकमत्ता कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि बुधवार रात करीब 8.30 बजे वह सिडकुल में ड्यूटी कर वापस लौट रहा था।मछली झाला के निकट तीन युवकों ने उसकी बाइक रोकी। रुकते ही दीपक निवासी झनकट, मनोज भाटिया निवासी बानूसी, गोपी निवासी बेरीघाट खटीमा ने उसकी गर्दन पर चाकू रखकर मारपीट की। आरोप है कि पहले गोपी ने चाकू की नोंक पर कुकर्म किया। इस दौरान मनोज भाटिया वीडियो बनाता रहा। इसके बाद दो अन्य युवकों ने भी कुकर्म किया। तीनों आरोपियों ने उससे नकदी और सामान भी लूट लिया। इस दौरान शोर मचाने पर वहां से जा रहे ग्रामीण ने एक आरोपी दीपक को पकड़ लिया। बाद में अन्य ग्रामीणों की मदद से मनोज भाटिया को भी पकड़ लिया गया। तीसरा आरोपी गोपी फरार हो गया। पकड़े गए दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया।वहीं गुरुवार दोपहर गांव और आसपास के ग्रामीण नानकमत्ता कोतवाली पहुंच गए और धरना शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण अंचल में स्मैक समेत नशे की तस्करी हो रही है। अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। अपराधियों को पुलिस प्रशासन का खौफ नहीं है। पूरा क्षेत्र नशे की आगोश में है। अपराधी घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। आरोप लगाया कि पूर्व में भी पुलिस को इनके बारे में जानकारी दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। धरने में उपनेता प्रतिपक्ष कापड़ी के पहुंचने पर पुलिस प्रशासन ने उच्चाधिकारियों से वार्ता की। करीब तीन घंटे बाद कोतवाल संजय पाठक ने एक सप्ताह के भीतर गांव में पुलिस चौकी स्थापित करने और तीसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना खत्म कर दिया। कोतवाल ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
