
अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल अल्मोड़ा की मासिक बैठक गुरुवार को चौघानपाटा स्थित मयंक पैलेस में नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, 13 अगस्त को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा, बूथ सशक्तीकरण और मतदाता सूची के सत्यापन को लेकर रणनीति बनाई गई।
बैठक का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं अन्य राष्ट्रपुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा वंदे मातरम् के साथ किया गया। इसके बाद गत माह आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जाने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को नगर के प्रत्येक वार्ड, बूथ और परिवार तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही 13 अगस्त को नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। अभियान में युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। मनोनीत पार्षदों के स्वागत कार्यक्रम को भी संगठनात्मक उत्सव के रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने के उद्देश्य से बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची वितरित की गई। कार्यकर्ताओं से नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों का समय पर निराकरण कराने और प्रत्येक मतदाता से नियमित संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया गया।
नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट ने कहा कि भाजपा वर्षभर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अभियान है, जिसे जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा।
दर्जा राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलख्वाल ने कहा कि तिरंगा अभियान भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है। वहीं महापौर अजय वर्मा ने कहा कि संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का कार्यकर्ता है और प्रत्येक कार्यकर्ता को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचानी चाहिए।
बैठक में आगामी तिरंगा यात्रा को सफल बनाने, बूथ समितियों की नियमित बैठकें आयोजित करने और संगठनात्मक गतिविधियों को और गति देने पर भी विचार-विमर्श किया गया। निवर्तमान जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष ललित लटवाल, किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री हरीश कनवाल, नगर महामंत्री एवं पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट, नगर महामंत्री देवेंद्र भट्ट, तिरंगा यात्रा संयोजक दिनेश मठपाल, नगर निगम पार्षद संजय जोशी, मीरा मिश्रा, राहुल जोशी एवं पूनम त्रिपाठी, नामित पार्षद कैलाश गुरुरानी, बीना नयाल, जगमोहन बिष्ट, अजीत पवार, कृष्ण बहादुर सिंह, जगत तिवारी, जगदीश चौहान, वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज सनवाल, महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष कमला तिवारी, युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष नीरज सांगा, अनुसूचित मोर्चा के नगर अध्यक्ष सुधीर आर्य, भाजपा के नगर उपाध्यक्ष रक्षित कार्की, मीना नेगी, नगर मंत्री दीपा अधिकारी, आनंद भोज, कमल वर्मा, महिला मोर्चा की ममता शाह, मीरा बिष्ट, भावना रावत, निशा बिष्ट, युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष शुभम रौतेला, आशीष डोगरा, खजान पांडे, पारस लोहनी, अभिषेक तिवारी, पूर्व सभासद दीप्ति सोनकर, सैनिक प्रकोष्ठ के संयोजक नरेंद्र बिष्ट, प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के संयोजक रमेश धपोला, मुस्तकिम अंसारी, शक्ति केंद्र संयोजक अभय साह, दीपक बिष्ट, अर्जुन फर्त्याल, कृष्णा चिलवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
