
नई टिहरी(आरएनएस)। टिहरी में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के निर्माण की मांग को लेकर श्रीदेव सुमन पार्क में चल रहा जनजागरण सत्याग्रह 10वें दिन भी जारी रहा। इस बीच मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति ने आंदोलन को व्यापक रूप देने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों का रुख किया। समिति से जुड़े लोगों ने चंबा के रानीचौरी, बादशाहीथौल पहुंचकर लोगों से आंदोलन को समर्थन देने की अपील की।श्रीदेव सुमन पार्क में जनजागरण सत्याग्रह पर बैठे पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट को डोबरा और चौपड़ा गांव के ग्रामीणों ने समर्थन दिया। ग्रामीणों ने कहा कि जिला अस्पताल बौराड़ी में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं होने के कारण क्षेत्र के लोगों को उपचार के लिए ऋषिकेश और देहरादून जाना पड़ रहा है।पूर्व जिला पंचायत सदस्य भट्ट ने कहा कि सरकार को क्षेत्र की समस्या और जनभावनाओं को देखते हुए पूर्व प्रस्तावित स्थान पर ही मेडिकल कॉलेज निर्माण की शीघ्र घोषणा करनी चाहिए। इधर, मेडिकल कॉलेज निर्माण संघर्ष संयुक्त समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, सह संयोजक भगवान सिंह राणा ने कहा कि 16 अगस्त को मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर नगर क्षेत्र में रैली निकाली जाएगी। इस मौके पर हीरा लाल भट्ट, कांतिराम, जमना प्रसाद भट्ट, सुंदर लाल मौजूद थे।

