
रुद्रपुर(आरएनएस)। पुलिस ने दो नाबालिगों की निशानदेही पर चोरी की आठ बाइकें बरामद की हैं। दोनों नाबालिगों ने आसपास के क्षेत्रों से बाइक चोरी करने की बात कबूली है। चोरी की गई सात बाइक ओकलैंड होटल के पास आम की बगिया में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखी गई थीं। पहचान छिपाने के लिए कई बाइकों से नंबर प्लेट भी हटा दी गई थीं। कोतवाल विजेंद्र शाह ने मंगलवार को बाइक चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सोमवार को झनकट में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक से जा रहे दो नाबालिगों को रोककर पूछताछ की गई। जिस बाइक पर दोनों सवार थे, वह वर्ष 2025 में चोरी हुई थी और इसकी रिपोर्ट खटीमा कोतवाली में दर्ज थी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों नाबालिगों ने आसपास के क्षेत्रों से सात अन्य बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने आम की बगिया में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखी गई सात बाइक बरामद कीं। इनमें एक बाइक सात अगस्त को खटीमा कोतवाली क्षेत्र से चोरी हुई थी। बरामद कई बाइकों की नंबर प्लेट हटाकर उनकी पहचान छिपाने का प्रयास किया गया था। कोतवाल ने बताया कि बरामद बाइकों के स्वामियों को सूचना देने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की वृद्धि की गई है। पुलिस अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में भी दोनों की संलिप्तता की जांच कर रही है। दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। बाइक बरामद करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र शाह, एसएसआई केसी आर्या, एसआई अशोक कांडपाल, एसआई भुवन चंद्र गहतोड़ी, कांस्टेबल नवीन रजवार, देवेंद्र सिंह और पीआरडी वीरेंद्र सिंह शामिल रहे।
