
हरिद्वार(आरएनएस)। कांवड़ मेला-2026 के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर पैक्ड ड्रिंकिंग वाटर, बेकरी उत्पाद और जीरा मसाला सोडा के नमूने जांच के लिए थे। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के लेबल पर अनिवार्य जानकारियां अंकित नहीं मिलने और खाद्य सुरक्षा एवं मानक (लेबलिंग एंड डिस्प्ले) रेगुलेशन-2020 के प्रावधानों का पालन नहीं किए जाने पर सात निर्माता कंपनियों को नोटिस जारी किए गए हैं।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग बहादराबाद कांवड़ क्षेत्र और चंडी घाट कांवड़ क्षेत्र में स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पैक्ड ड्रिंकिंग वाटर के पांच, बेकरी उत्पाद का एक और जीरा मसाला सोडा का एक नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए लिया गया। निरीक्षण में पैक्ड ड्रिंकिंग वाटर के बिली स्योर बाइब्स, प्योर एक्वा, सेन स्प्रिंग, केस एक्वा ड्रॉप्स और पीओ ब्रांड से संबंधित निर्माता कंपनियों के लेबल में अनियमितताएं मिलीं। इसके अलावा यूके बेकर्स हरिद्वार और एसएंडएस बेवरेज हरिद्वार को भी नोटिस जारी किया गया है। विभाग के अनुसार संबंधित निर्माता कंपनियों को लेबल पर अंकित की जाने वाली अनिवार्य जानकारियों और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में जवाब देना होगा।
विभाग ने सभी संबंधित निर्माता कंपनियों को सात दिन के भीतर निरीक्षण में पाई गई लेबल संबंधी अनियमितताओं पर जवाब और मांगे गए अनिवार्य दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित अवधि में जवाब या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने अथवा जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत न्यायालय में वाद दायर कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेला क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।
