
रुद्रपुर(आरएनएस)। ब्लॉककर्मी का शव बुधवार सुबह नानकसागर जलाशय में उतराता मिला। नानकसागर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने शव दिखाई देने पर प्रतापपुर चौकी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को जलाशय से बाहर निकालकर शिनाख्त कराई। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। प्रतापपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र पंत ने बताया कि मृतक की पहचान 50 वर्षीय वसीम कुरैशी पुत्र अब्दुल सलाम निवासी आवास विकास कॉलोनी, मेलाघाट रोड, झनकइया के रूप में हुई। शव पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा। वसीम कुरैशी सितारगंज ब्लॉक कार्यालय में तैनाती के दौरान वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों में निलंबित किए गए थे। बीडीओ सीआर आर्य के अनुसार, जांच में चेक पर फर्जी हस्ताक्षर और अन्य अनियमितताएं सामने आने के बाद वसीम को निलंबित कर जिला मुख्यालय से संबद्ध किया गया था। इस मामले में बीडीओ सितारगंज की ओर से कोतवाली में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। मामले में वसीम करीब चार माह जेल में रहे। वर्तमान में वह खटीमा ब्लॉक कार्यालय से संबद्ध थे। परिजनों के अनुसार, वसीम मंगलवार से लापता थे। उनकी तलाश की जा रही थी। बुधवार सुबह नानकसागर में शव मिलने की सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की।
