
अल्मोड़ा। नगर में प्रस्तावित दशहरा महोत्सव की तैयारियों को लेकर दशहरा महोत्सव समिति की बैठक नगर निगम सभागार में हुई। बैठक में पिछले वर्ष के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया और आगामी आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा की गई। सर्वसम्मति से पिछले वर्ष की कार्यकारिणी को यथावत रखने का निर्णय लिया गया।
बैठक में बताया गया कि पिछले वर्ष के आयोजन के बाद समिति के पास 1 लाख 70 हजार 600 रुपये की धनराशि शेष है। पुतला, दुर्गा पूजा और रामलीला समितियों के पंजीकरण समेत विभिन्न व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। पिछले वर्षों में पुतला दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए स्थान की कमी को देखते हुए इस वर्ष दोनों कार्यक्रम स्टेडियम परिसर में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
समिति सदस्यों ने कहा कि प्रशासन की ओर से हर वर्ष दशहरा आयोजन के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया जाता रहा है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। समिति ने ब्राइट एंड कॉर्नर के समीप जमीन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन देने का निर्णय लिया। बैठक में नगर की यातायात और विद्युत व्यवस्था पर भी चिंता जताई गई। बाजार क्षेत्र में उलझे विद्युत तारों और खुखरी गेट के पास वाहनों के कारण लगने वाले जाम की समस्या के समाधान की मांग संबंधित विभागों से करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में समिति की नई जिम्मेदारियां भी तय की गईं। अध्यक्ष अजीत सिंह कार्की की सहमति से सचिव वैभव पांडे ने पदाधिकारियों की सूची सार्वजनिक की। मुख्य सलाहकार ललित लटवाल, दीप सिंह डांगी और मनोज सनवाल तथा मुख्य संयोजक धर्मेंद्र बिष्ट बनाए गए। उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी अशोक पांडे, संजय साह, दीपक साह और दीपचंद्र जोशी को दी गई।
सचिव वैभव पांडे और उप सचिव आशीष गुरुरानी, निशांत पांडे, विशाल कनवाल एवं सूरज वाणी बनाए गए। मुख्य सांस्कृतिक संयोजक मनोज जोशी और कोषाध्यक्ष राजेंद्र तिवारी होंगे। सह संयोजक शरद अग्रवाल, अश्विनी नेगी, ललित कनवाल और हितेश वर्मा तथा सह सांस्कृतिक संयोजक देवेंद्र भट्ट, पंकज भगत, दीपक कुमार और सलमान अंसारी बनाए गए।
सोशल मीडिया प्रभारी हर्षित टम्टा और दिनेश मठपाल, प्रचार-प्रसार प्रमुख हीतेश नेगी, दीक्षित जोशी, पंकज कनवाल और दिनेश थापा तथा मीडिया प्रभारी कपिल मल्होत्रा और निर्मल उप्रेती होंगे। सलाहकार मंडल में कैलाश गुरुरानी, हरीश कनवाल और किशन लाल को शामिल किया गया है।
बैठक में अजीत कार्की, कैलाश गुरुरानी, ललित लटवाल, प्रकाश पाण्डेय, आनंद बगड़वाल, रवि रौतेला, किशन लाल, अमरनाथ सिंह नेगी, अशोक पाण्डेय, मनोज जोशी, प्रकाश भट्ट, सुशील साह, हितेश वर्मा हनी, धर्मेंद्र बिष्ट, दीपक कुमार, विनीत बिष्ट, कृष्ण बहादुर सिंह, आशीष गुरुरानी, रिक्खू साह, हरीश कनवाल, कपिल मल्होत्रा, मनोज सनवाल, वैभव पांडे और राजेंद्र तिवारी सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
