

उत्तरकाशी। केदारताल ट्रैक पर लापता पर्वतारोहियों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। अभियान के दौरान बरामद किए गए तीन और पर्वतारोहियों के शव उत्तरकाशी जिला अस्पताल पहुंचाए गए हैं। इसके साथ ही हादसे में लापता आठ लोगों में से अब तक सात के शव बरामद हो चुके हैं। एक अन्य लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
केदारताल ट्रैक पर लापता पर्वतारोहियों की तलाश में एनआईएम और एसडीआरएफ की टीमों का अभियान जारी है। बृहस्पतिवार को दो और शव बरामद किए गए थे। एयर टर्बुलेंस के कारण हेलिकॉप्टर से शवों को नीचे नहीं लाया जा सका। अब शुक्रवार को हेलिकॉप्टर के माध्यम से दोनों शवों को मातली हेलिपैड लाने की तैयारी है। इससे पहले बुधवार तक चार पर्वतारोहियों के शव बरामद किए जा चुके थे। इनमें लखनऊ निवासी सगी बहनें दीपिका वर्मा और वर्तिका वर्मा भी शामिल थीं।
बरामद किए गए अन्य दो शवों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। बुधवार को मौसम खराब होने के कारण खोजबीन अभियान प्रभावित रहा। इसके बाद बृहस्पतिवार को एनआईएम और एसडीआरएफ की टीमों ने अभियान आगे बढ़ाते हुए दो अन्य लापता पर्वतारोहियों के शव खोज निकाले।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने बताया कि बृहस्पतिवार को दो और शव बरामद किए गए हैं। एयर टर्बुलेंस के चलते हेलिकॉप्टर से शवों को नीचे नहीं लाया जा सका। शुक्रवार को हेलिकॉप्टर के माध्यम से दोनों शवों को नीचे लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी भी एक पर्वतारोही लापता है, जिसकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।



